वर्ल्ड चैंपियन भारतीय विमेंस ब्लाइंड टीम मोदी से मिली:साइन किया हुआ बैट गिफ्ट किया; PM ने लड्डू खिलाकर स्वागत किया

खेलप्रकाशित: 28/11/2025
bhaskar
वर्ल्ड चैंपियन भारतीय विमेंस ब्लाइंड टीम मोदी से मिली:साइन किया हुआ बैट गिफ्ट किया; PM ने लड्डू खिलाकर स्वागत किया

वर्ल्ड चैंपियन भारतीय ​​​​विमेंस ब्लाइंड टीम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। टीम ट्रॉफी लेकर नई दिल्ली स्थित PM आवास पहुंची। सभी प्लेयर्स ने मिलकर पीएम को साइन किया हुआ बैट गिफ्ट किया। भारत ने पहली बार खेले गए ब्लाइंड विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब 23 नवंबर को जीता था। टीम ने कोलंबो में खेले गए फाइनल में नेपाल को 7 विकेट से हराया था। बॉल पर साइन किए मोदी ने विमेंस टीम से चर्चा करते हुए बॉल पर साइन किए। उन्होंने ट्रॉफी उठाकर जश्न भी मनाया। 9 राज्यों से खिलाड़ी चुनकर टीम बनाई भारत की कप्तानी कर्नाटक की दीपिका टीसी ने की। टीम में देश के 9 अलग-अलग राज्यों से 16 प्लेयर्स को चुना गया। इनमें कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, दिल्ली, असम और बिहार की प्लेयर्स शामिल रहीं। खिलाड़ियों को क्रिकेट के बारे में स्कूल शिक्षकों, NGO और कम्युनिटी कैम्पस में बताया गया था। 11 नवंबर को शुरू हुआ था टूर्नामेंट विमेंस ब्लाइंड वर्ल्ड कप 11 नवंबर को शुरू हुआ था। टूर्नामेंट में भारत, नेपाल, ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, पाकिस्तान और अमेरिका ने हिस्सा लिया। ग्रुप स्टेज में सभी टीमों ने एक-दूसरे के खिलाफ 5-5 मैच खेले। पॉइंट्स टेबल के टॉप-4 पोजिशन पर रहने वाली टीमों के बीच सेमीफाइनल हुआ। इन्हें जीतने वाली नेपाल और भारत ने फाइनल खेला। प्लास्टिक बॉल से होता है ब्लाइंड क्रिकेट ब्लाइंड क्रिकेट प्लास्टिक बॉल से खेला जाता है। गेंद में लोहे की बैरिंग लगी होती है, जो टप्पा खाने पर आवाज करती है। टीम में 3 तरह की ब्लाइंड प्लेयर्स होती हैं। B1 (पूरी तरह ब्लाइंड), B2 और B3 (इन्हें कुछ-कुछ दिखाई देता है)। टीमों में तीनों तरह की प्लेयर्स होना जरूरी है। गेंदबाज अंडरआर्म बॉलिंग करते हैं। वहीं B1 बैटर्स सुरक्षा के लिए रनर रखते हैं, हर रन को 2 रन माना जाता है। मेंस टीम इंडिया जीत चुकी है दोनों वर्ल्ड कप विमेंस क्रिकेट में पहली बार ही ब्लाइंड टी-20 वर्ल्ड कप खेला जा रहा था। भारत ने इसे जीतकर अपना दबदबा कायम रखा। मेंस ब्लाइंड टीम वनडे और टी-20 वर्ल्ड कप कई बार जीत चुकी है। विमेंस टीम ने पहली बार ही ग्लोबल लेवल पर कोई खिताब जीता है। विमेंस एबल्ड टीम भी इसी महीने वर्ल्ड चैंपियन बनी ब्लाइंड टीम से पहले इसी साल 2 नवंबर को भारत की एबल्ड विमेंस क्रिकेट टीम ने भी अपना पहला वर्ल्ड कप जीता था। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम ने फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। टीम ने सेमीफाइनल में डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हराया था। --------------------------------- विमेंस क्रिकेट से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें... WPL का पहला मेगा ऑक्शन विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) का पहला मेगा ऑक्शन 27 नवंबर, गुरुवार को नई दिल्ली में हुआ। भारत की दीप्ति शर्मा पर सबसे बड़ी बोली लगी, उन्हें 3.20 करोड़ रुपए में यूपी वॉरियर्स ने खरीदा। मुंबई इंडियंस ने न्यूजीलैंड की अमीलिया केर को 3 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा। पढ़ें पूरी खबर...

इसी श्रेणी की अन्य खबरें